मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। श्रीराम कॉलेज और जिला साइबर सेल के संयुक्त तत्वावधान में साइबर अपराध पर शुक्रवार को कॉलेज सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रक्षित टंडन( साइबर विशेषज्ञ), इंदु सिद्धार्थ (एसपी क्राइम), सचिन धामा( उप निरीक्षक), कर्मवीर सिंह ( एसएचओ, साइबर थाना), कॉलेज की प्राचार्या डॉ प्रेरणा मित्तल, परीक्षा नियंत्रक डॉ. एस.एन चौहान, डॉ.अश्विनी वशिष्ठ आदि ने दीप प्रज्वलित कर किया।
जागरुक रहें सभी
साइबर विशेषज्ञ रक्षित टंडन ने अपने संबोधन में कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरुकता जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज हर कोई मोबाइल और इंटरनेट से जुड़ा है। इसलिए छोटी-छोटी सावधानियां बरतकर आप साइबर अपराधियों से बच सकते हैं। अनचाहें लिंक या फ़ोटो को नहीं खोले, त्योहारों के समय ऑफर वाले लिंक से भी बचें। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर भी बातें रखीं। इस दौरान छात्रों से भी उन्होंने बात की और उनके सवालों का जवाब दिया।
1 930 पर डायल करें
मुजफ्फरनगर की एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने संबोधन में कहा कि यूपी पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। 1930 पर डायल करके आप साइबर अपराध के खिलाफ शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज आपकी हल्की सी लापरवाही भारी पड़ सकती है, इसलिए इंटरनेट और मोबाइल फोन का सुरक्षित इस्तेमाल जरूरी है।इस कार्यक्रम में मंच का संचालन निधि सिंह ने किया। इस मौके पर सपना, ईशा अरोरा आदि समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।







