मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। श्री राम लीला कमेटी नई मंडी के तत्वावधान में आयोजित होने वाले 100वें ऐतिहासिक श्री रामलीला महोत्सव का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भव्य शुभारंभ हो गया है। इस गौरवमयी शताब्दी वर्ष के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक स्वर्गीय सोमांश प्रकाश के पुत्र और सुप्रसिद्ध समाजसेवी निरंकार स्वरूप ने मर्यादाओं के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा, “मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन आदर्शों को सर्वोपरि मानते हुए हम सभी को अपना जीवन जीने की जरूरत है, क्योंकि आज मर्यादाओं के अभाव में हो रहा सामाजिक बिखराव सबसे चिंतनीय विषय है।
शताब्दी वर्ष के इस विशेष महोत्सव को और अधिक भव्य बनाने के लिए इस बार मथुरा से आए प्रतिष्ठित कलाकारों की मंडली को आमंत्रित किया गया है। ये कलाकार अपनी विशिष्ट और पारंपरिक शैली में प्रभु श्रीराम की अलौकिक लीलाओं का मंचन कर रहे हैं। महोत्सव के प्रथम दिन कलाकारों द्वारा ‘नारद मोह’ प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण और सजीव मंचन किया गया, जिसे देखकर पंडाल में मौजूद सैकड़ों श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और पूरा परिसर ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गुंजायमान हो गया।
श्री रामलीला कमेटी नई मंडी के अध्यक्ष संजय मित्तल ने आगंतुक अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रामलीला मंचन का यह शताब्दी वर्ष (100वाँ वर्ष) बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कमेटी का मुख्य उद्देश्य केवल मनोरंजन करना नहीं, बल्कि भगवान राम के पावन जीवन मूल्यों और उच्च आदर्शों को जन-जन की चेतना तक पहुँचाना है।
इस ऐतिहासिक शुभारंभ के अवसर पर श्री रामलीला समिति के अध्यक्ष संजय मित्तल, मंत्री अशोक गर्ग, कोषाध्यक्ष आदित्य भरतिया, राजीव अग्रवाल, अभिषेक कुच्छल, राजेश गोयल, ब्रज गोपाल छारिया, विवेक गर्ग, भारत भूषण और अतुल जैन आदि पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथियों तथा दूर-दराज से आए आगुंतकों का माल्यार्पण व पटका पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। महोत्सव को लेकर पूरे नई मंडी क्षेत्र में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

विकास राठी को मिली यूपी अंडर-23 क्रिकेट टीम में मैनेजर की जिम्मेदारी
मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। मुजफ्फरनगर के लिए गौरव की बात है कि विकास राठी को उत्तर प्रदेश की अंडर-23 क्रिकेट टीम का मैनेजर नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से स्थानीय क्रिकेट जगत में खुशी का माहौल है। विकास राठी मुज़फ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त सचिव भी हैँ। मुज़फ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मनोज पुंडीर ने बताया






