मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। डी.ए.वी. इंटर कॉलेज, मुजफ्फरनगर में कार्यरत लिपिक अजेंद्र यादव को प्रबंधन द्वारा किए गए टर्मिनेशन की कार्रवाई के विरोध में शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ में गहरा आक्रोश व्याप्त है।
डॉ. राहुल कुशवाहा ने कहा कि किसी भी कर्मचारी के साथ इस प्रकार की कठोर और अन्यायपूर्ण कार्रवाई न केवल उसकी गरिमा को ठेस पहुँचाती है, बल्कि पूरे शिक्षा परिवार के आत्मसम्मान को भी आहत करती है। उन्होंने प्रबंधन की इस कार्रवाई की घोर निंदा करते हुए कहा कि माध्यमिक शिक्षक संघ इस लड़ाई में शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। वहीं अमित जैन ने कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए इस संघर्ष को पूरी तरह न्यायोचित बताते हुए संगठन की एकजुटता पर बल दिया। शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष विजय त्यागी ने कहा कि जब तक लिपिक अजेंद्र यादव के साथ हुए अन्याय का समाधान नहीं होगा, तब तक यह धरना जारी रहेगा।





