मुजफ्फरनगर। उत्तर भारत के ऐतिहासिक कांवड़ यात्रा मेले की आस्था की अविरल धारा शनै-शनै गतिशील होने के साथ हर कोई शिव भक्ति में समाहित होने को आतुर नजर आने लगा है। ऐसे में व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के साथ प्रशासन भी अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। शहरी क्षेत्र में कांवड़ यात्रा में शिव भक्तों की सुरक्षा, सेवा, सुविधा के साथ सहायता के लिए पालिका की ओर से शिवचौक कांवड़ कंट्रोल रूम को शनिवार को विधिवत शुरू कर दिया गया।
शनिवार को सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल व पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने शिव चौक स्थित कांवड़ कंट्रोल रूम का संयुक्त रूप से फीता काटकर शुभारंभ किया। कांवड़ कंट्रोल रूम एवं खोया-पाया केन्द्र के शुभारंभ अवसर पर डीएम उमेश मिश्रा और एसएसपी संजय वर्मा भी मौजूद रहे। पालिका ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने सभी अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया। यहां पर मंत्री और चेयरपर्सन ने डीएम व एसएसपी के साथ मिलकर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हो रही कांवड़ यात्रा की निगरानी व्यवस्था को परखा और सतर्क रहते हुए सुरक्षा को लेकर जरुरी दिशा-निर्देश दिए। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कंट्रोल रूम के माध्यम से शिव भक्त कांवड़ियों का जिले व नगर में स्वागत करते हुए शासन व प्रशासन, पालिका और स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी दी और उनसे संयम के साथ यात्रा को संपन्न करने की अपील की। जनपद में करीब 750 सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे कांवड़ मार्ग की निगरानी हो रही है।
पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि नगर आगमन कर रहे शिव भक्त कांवड़ियों को अतिथि देवो भव: की सनातन संस्कृति-परम्परा के साथ स्वागत की सभी तैयारियां की गई हैं। कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार भक्तों का मार्गदर्शन करने के साथ ही बेहतर व्यवस्था की गई है। शहरी क्षेत्र में करीब 21.9 किमी. लंबे कांवड़ मार्ग पर पालिका ने बल्ली एवं इमरजेंसी लाइट की भी व्यवस्था की है। प्रतिदिन आठ घंटे की शिफ्ट में 150 अतिरिक्त आउटसोर्स सफाई कर्मचारी सेफ्टी किट और उपकरणों के साथ तैनात किए हैं। वहीं शिविरों में अलग से भी सफाई मित्र तैनात किये गये हैं। शिव चौक पर सफाई के लिए विशेष टीम को लगाया गया है। पेयजलापूर्ति के लिए स्टैंड पोस्ट एवं 9 वाटर टैंकर, जल भराव से निपटने को 5 डिवाटरिंग सेट और 20 अतिरिक्त कर्मी लगाये हैं। कूड़ा निस्तारण के लिए लगी प्राइवेट कंपनी कर्मी भी शिविरों में सफाई के लिए लगाये गये हैं।
इस दौरान मुख्य रूप से सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, सीओ सिटी राजू कुमार साव, सभासद मनोज वर्मा, राजीव शर्मा, रजत धीमान, शौकत अंसारी, देवेश कौशिक, योगेश मित्तल, अन्नू कुरैशी, मोहित मलिक, हनी पाल, मौ. खालिद, विजय चिंटू, शहजाद चीकू, हिमांशु कौशिक, अमित पटपटिया, हसीब राणा, प्रमोद कुमार, शोभित गुप्ता, नौशाद पहलवान, कृष्णगोपाल मित्तल, शलभ गुप्ता, जनार्दन विश्वकर्मा, सुनील तायल, विशाल गर्ग, रोहिल वाल्मीकि, सुरेन्द्र अग्रवाल, एई निर्माण नैपाल सिंह, जेई राजीव सोनकर, लिपिक तनवीर आलम, मोहन वैद, आईटी प्रियेश कुमार, ठेकेदार सुनील कर्णवाल मौजूद रहे।







