मुजफ्फरनगर। पाकिस्तान पर अटैक के बाद से जिला प्रशासन एक्टिव मोड़ पर दिखाई दिया। ऐसे में मॉक ड्रिल की तैयारी जहां ग्राम पंचायत स्तर पर शुरू हो चुकी थी, वहीं डीएम उमेश मिश्रा भी पूरे अमले के साथ फील्ड में उतरे नजर आये। उन्होंने सुरक्षा कारणों को परखने के लिए जिला अस्पताल से कंट्रोल रूम तक सभी जगह निरीक्षण करते हुए प्रशासन की तैयारियों को भी परखने का काम किया।
डीएम उमेश मिश्रा बुधवार को दोपहर के समय जिला अस्पताल पहुंचे और वहां औचक निरीक्षण करते हुए इमरजेंसी वार्ड के साथ अन्य वार्डों, आॅक्सीजन प्लांट, विद्युत सप्लाई, दवा भंडार सहित अन्य सेवाओं और व्यवस्था का जायजा लिया। जिला अस्पताल में बनाए आपातकालीन वार्ड की व्यवस्था को देखते हुए सीएमएस को जरुरी निर्देश दिये। डीएम ने मेडिकल स्टाफ और चिकित्सकों के अवकाश निरस्त करने के साथ सभी को ड्यूटी के लिए तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने 108 व 102 एम्बुलेंस सेवा की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्हें अलर्ट रखने के लिए कहा गया। अस्पताल में दवाईयों की उपलब्धता की जानकारी लेने के साथ उन्होंने सभी जरूरी दवाइयों को स्टॉक में रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान सीएमएस ने बताया कि आपातकाल के लिए जिला अस्पताल में सभी तैयारी हैं, एक अलग वार्ड भी बनाया गया है। इसके बाद डीएम कंट्रोल रूम पहुंचे और वहां पर तैयारियों को परखते हुए कर्मियों को सक्रिय रहने एवं आपातकाल की स्थिति में आने वाली प्रत्येक सूचना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम प्रशासन नरेन्द्र बहादुर, एडीएम वित्त गजेन्द्र सिंह, सीएमएस डॉ. राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

e-paper 16/06/2026 Muzaffarnagar
Author: Friends Reporter Team Post Views: 23






