मुजफ्फरनगर। योगी सरकार की पहल पर आज 29 जनवरी यानि बुधवार को जनपद मुख्यालय पर मेरठ रोड स्थित नुमाईश मैदान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। कार्यक्रम में करीब 1,000 से अधिक कन्याओं की शादी कराई जाएगी। समाज कल्याण विभाग की ओर से शुरू तैयारियों के बीच बुधवार को होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार एवं राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल के साथ जनप्रतिनिधयों को भी आमंत्रित किया गया है।
बुधवार को नुमाईश मैदान में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के बारे में जानकारी देते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी विनीत कुमार मलिक ने बताया कि इस योजना के तहत जहां अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के साथ ही अन्य पिछड़ा वर्ग के साथ अल्पसंख्यक वर्ग व सामान्य वर्ग के गरीब व्यक्तियों की पुत्रियों की शादी के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का आॅनलाईन पोर्टल निर्गत है, जिस पर पात्र कन्या के द्वारा सामूहिक विवाह के लिए आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह को लेकर बुधवार को जिला स्तर पर बड़ा कार्यक्रम नुमाईश मैदान में कराया जा रहा है, जिसमें इस दौरान पात्र एक हजार से अधिक जोड़ों की शादी कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि योजनान्तर्गत सरकार की ओर से 35 हजार रुपए कन्या के बैंक खाते में, 10 हजार रुपए विवाह संस्कार सामग्री और छह हजार रुपए व्यवस्था पर खर्च किए जाएगे। इस तरह से प्रत्येक पात्र कन्या को कुल 51 हजार रुपए का लाभ दिया जाएगा।






