मुजफ्फरनग। सफाई कर्मचारी संघ नगर पालिका परिषद की कार्यकारिणी का चुनाव कराने की मांग को लेकर सोमवार को संघ के पूर्व पदाधिकारियों ने पालिका सफाई कर्मचारियों के साथ में ईओ से मिलकर चुनाव कार्यक्रम घोषित कराने की मांग की।
सफाई कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष राजेश उटवाल वाल्मिकी व महामंत्री मदन लाल के साथ अन्य सफाई कर्मचारी सोमवार को टाउनहाल पहुंचे और उन्होंने पालिका ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह को एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी संघ की द्विवार्षिक कार्यकारिणी का चुनाव 18 नवम्बर 2022 को हुआ था। यह कार्यकारिणी पूर्ण हो चुकी है। ऐसे में अब फिर नवीन कार्यकारिणी का गठन किये जाने के लिए चुनाव होना आवश्यक है। वहीं यह चुनाव कर्मचारियों के हितों के लिए भी जरूरी है। ऐसे में शीघ्र ही यूनियन की कार्यकारिणी का गठन करने के लिए नगरपालिका परिषद में चुनाव कराया जाये। उन्होंने ईओ से यह चुनाव कार्यक्रम मात्र एक सप्ताह का ही घोषित करने का आग्रह किया, ताकि पालिका क्षेत्र में सफाई व्यवस्था व दूसरे कार्यों पर भी इसका प्रभाव न पड़ सके। इस दौरान मुख्य रूप से राजेश उटवाल के साथ ही राजकुमार, मदन लाल, दीपक गहलौत, दीपक कुमार, दर्शन लाल, सुनील कुमार, शिवा एवं वीरेन्द्र आदि सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।






