मुजफ्फरनगर। परिक्रमा मार्ग जानसठ रोड स्थित न्यू हॉराइजन स्कूल में बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय प्रधानाचार्या द्वारा इस बीच पं. जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस दौरान संपन्न हुई विशेष प्रार्थना सभा का संचालन शिक्षक एवं शिक्षिकाओं द्वारा किया गया।
शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपने बचपन के दिनों की स्मृतियों को लघु नाटिका के माध्यम से प्रस्तुत किया, जिसे देख बच्चे आनंदित हो गए और विद्यालय का प्रांगण उनके सम्मान में तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस क्रम में पोस्टर बनाना, कविता वाचन, अनुच्छेद लेखन, निबंध लेखन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गई जिसमें बच्चों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में इस बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रधानाचार्या ने पुरस्कृत किया। स्कूल प्रधानाचार्या मीनाक्षी मित्तल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी का सपना है कुछ बड़ा करने का, कुछ नया सीखने का। बाल दिवस हमें यह याद दिलाता है कि आप सभी में असीम संभावनाएँ हैं। पढ़ाई के साथ ही अपने मनपसंद खेल, कला, संगीत या किसी भी रचनात्मक कार्य में भाग लेना और उसे पूरे दिल से करना भी बहुत महत्वपूर्ण है। यही चीजें आपको एक अच्छे इंसान और समाज का बेहतर नागरिक बनाएंगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि छात्र अपनी पढ़ाई और अन्य गतिविधियों में संतुलन बनाकर आगे बढ़ें और एक स्वस्थ व सकारात्मक जीवन अपनाएँ।






