मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद में लंबे समय से चल रहे गड़बड़झाले को लेकर गुरूवार को आधा दर्जन सभासदों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर पालिका के अधिकारी-सभासद व निर्माण ठेकेदारों के गठजोड़ पर कार्रवाई किए जाने की मांग की। साथ ही वार्ड सभासदों ने पालिका में चल रहे काले कारनामों की जांच कराकर पूर्व में हुए ऐसे टैंडरों की फिर से निविदाएं आमंत्रित कराने के साथ दोषी जिम्मेदारों पर सख्त कार्यवाही किए जाने की मांग की।
गुरूवार को कलेक्ट्रेट पहुंंचे नगरपालिका परिषद के सभासद योगेश मित्तल के नेतृत्व में प्रियांक कुमार, अमित पटपटिया, राखी पंवार, महिका चौधरी और ममता बालियान आदि ने डीएम उमेश मिश्रा से मुलाकात की। पालिका के वार्ड सभासदों ने नगरपालिका परिषद में चल रहे गोरखधंधे पर रोक लगाने के साथ कुछ वार्ड सभासदों द्वारा अधिकारियों व ठेकेदारों से मिलकर अपने वार्डो में प्रस्तावित कार्यो को अपने ही चहेते ठेकेदारों को दिलाए जाने के साथ खेला कर दिए जाने की बात की। उन्होंने आरोप लगाया कि इस खेल में संबंधित ठेकेदार व पालिका अधिकारी व सभासदों का यह गठजोड़ जहां एक ओर राजस्व हानि कर कमीशन के नाम पर अपनी कमाई करने में जुटा है, वहीं कमीशन के बूते निर्माण कार्यो के टैंडर मिलकर खोले जाने का खेल लगातार जारी है। डीएम से मिले सभासदों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ दोषी लोगों पर सख्त कार्रवाई कराए जाने की मांग की।






