जनसहयोग से वीतराग संत की इच्छानुरूप तीर्थ को देंगे नई पहचान: उमेश मिश्रा

Share :

मुजफ्फरनगर। भारतीय डाक विभाग द्वारा भागवत पीठ श्री शुकदेव आश्रम, शुकतीर्थ पर विशेष आवरण एवं विरूपण का विमोचन पीठाधीश्वर स्वामी ओमानन्द व डीएम उमेश मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान डीएम उमेश मिश्रा ने कहा कि भागवत भूमि शुकतीर्थ की धरोहर विश्व की मार्ग दर्शक बनेगी। डाक विभाग का प्रयास सनातन संस्कृति संरक्षण, संवर्धन और गौरव की दिशा में सार्थक बनेगा।
बुधवार को नई मंडी प्रधान डाकघर के सभागार में संपन्न समारोह में मुख्य अतिथि डीएम उमेश मिश्रा ने कहा कि पूज्यपाद वीतराग स्वामी कल्याणदेव ने ऋषि-मुनियों की तपोभूमि का जीर्णोद्धार कर शुकतीर्थ को जन सुलभ बनाया। जनसहयोग से वीतराग संत की इच्छानुसार तीर्थ के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। देश-विदेश में शुकतीर्थ से ही जनपद मुजफ्फरनगर की विशिष्ट पहचान है। उन्होंने कहा कि जो पीढियां, समाज व राष्ट्र अपने गौरवशाली अतीत को संरक्षित नहीं रखता और आगे बढ़ाने का कार्य नहीं करता, उस समाज को नष्ट होने से कोई नहीं बचा सकता है। सनातन संस्कृति से जुड़ी धरोहरों का संरक्षण मन और समर्पण से करें। झंझावतों में फंसे जीवन को सुख, शांति और लक्ष्य की ओर ले जाने का मार्गदर्शन भागवत करती है। वेदों, शास्त्रों और उपनिषदों में इतना ज्ञान-विज्ञान समाहित है, जो रामायण और महाभारत के इतिहास में दृष्टिगोचर होता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने शुकतीर्थ विकास परिषद का गठन कर भागवत भूमि को भव्य स्वरुप देने की ओर कदम बढ़ा दिया है। जिले की सामाजिक संस्थाए, औद्योगिक इकाइयां व स्वयंसेवकों के साथ प्रशासन एकजुट होकर स्वच्छ तीर्थ बनाने का अभियान शीघ्र प्रारम्भ करेगा।

भागवत पीठ शुकदेव आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानन्द महाराज ने कहा कि पूज्य गुरुदेव ने निष्काम भाव से श्रीमद भागवत की उद्गमस्थली को संरक्षित करते हुए विकसित किया, जिसका दर्शनीय स्वरूप आज मूर्त रूप ले रहा है। उन्होंने शुकतीर्थ के इतिहास और गौरव से जुड़े तथ्य बताते हुए कहा कि धार्मिक प्रवृत्तियों को समझने के लिए भागवत का अनुसरण आवश्यक है। डाक विभाग बधाई का पात्र है, जिन्होंने भागवत भूमि पर विशेष आवरण जारी किया। सीनियर पोस्ट मास्टर बीएल मीणा ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान शुकदेव आश्रम स्वामी कल्याण देव सेवा ट्रस्ट के ट्रस्टी रामपाल सिंह, देवराज पंवार, ओमदत्त देव ने विचार रखे। कार्यक्रम में मा. विजय सिंह, रमेश मलिक, देवेंद्र राणा, प्रमोद धीमान, गजेंद्र राणा, रवि निर्वाल, आनंद पाल सिंह, अरुण धीमान, शुभम शर्मा, मयंक चौधरी, दीपक मिश्रा आदि मौजूद रहे। संचालन ओमदत्त ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Cricket Score
Share Market
Gold Silver Price
Rashifal