मुजफ्फरनगर। जिला संभल में जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान बवाल को लेकर प्रदेश में हाई अलर्ट कर दिया गया है, इसके साथ ही मुजफ्फरनगर पुलिस भी सतर्क हो गई है। एसएसपी के आदेश पर रविवार की सुबह ही सभी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में क्षेत्रों में निगरानी की गई। वहीं पैरा मिलिट्री फोर्स लेकर एएसपी व्योम बिंदल भी शहर की सड़कों पर उतरे नजर आये और खालापार सहित संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया।
संभल में सुबह जामा मस्जिद में सर्वे के दौरान हुए भी बवाल को लेकर एसएसपी अभिषेक सिंह के निर्देशन में जिले में भी सतर्कता शुरू कर दी गई। एएसपी सीओ सिटी व्योम बिंदल के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ शहर में पैदल मार्च निकाला गया। पुलिस का फ्लैग मार्च खालापार कोतवाली से शुरू होते हुए मौहल्ला खालापार, किदवईनगर, प्रेमपुरी आदि क्षेत्रों का पैदल भ्रमण करते हुए वापस फक्खरशाह चौराहे पर आकर समाप्त हुआ। एएसपी ने बताया कि शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए यह मार्च किया गया। पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों पर भी नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से भी शांति व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग मांगा।






