रुड़की (रिपोर्टर)। रुड़की के तेजी से बदलते शहरी स्वरूप और बढ़ते यातायात के दबाव के बीच एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। अब्दुल कलाम चौक से कोर कॉलेज तक राज्य राजमार्ग को फोरलेन में तब्दील करने की बहुप्रतीक्षित योजना अब हकीकत बनने की दिशा में आगे बढ़ गई है। केंद्र सरकार से करीब 70 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद उत्तराखंड शासन ने भी परियोजना को हरी झंडी दे दी है। शासनादेश जारी होने के साथ ही लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस परियोजना के साकार होने से रुड़की के यातायात ढांचे को नई मजबूती मिलने और वर्षों से जाम से जूझ रहे इस मार्ग को राहत मिलने की उम्मीद है।
रुड़की शहर का दायरा जिस तेजी से हरिद्वार रोड और दिल्ली रोड की दिशा में फैल रहा है, उसी अनुपात में सड़कों पर वाहनों का बोझ भी बढ़ता जा रहा है। अब्दुल कलाम चौक से रुड़की होते हुए कोर कॉलेज तक जाने वाला मार्ग शहर की यातायात व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। बढ़ते आवागमन के मुकाबले सड़क की मौजूदा क्षमता कम पड़ने लगी है। नतीजतन व्यस्त समय में वाहनों की लंबी कतारें लगना और जाम की स्थिति बनना आम बात हो गई है। इसका खामियाजा स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ विद्यार्थियों, व्यापारियों और दूसरे शहरों से आने-जाने वाले यात्रियों को भी भुगतना पड़ता है। हालांकि मंगलौर की ओर से हरिद्वार बाईपास का निर्माण होने के बाद यातायात के लिए एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हुआ है, लेकिन अब्दुल कलाम चौक से कोर कॉलेज तक के हिस्से पर वाहनों का दबाव लगातार बना हुआ है। इसी समस्या को देखते हुए प्रदेश के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने इस मार्ग के चौड़ीकरण और फोरलेन निर्माण का प्रस्ताव शासन के समक्ष रखा था। प्रस्ताव को केंद्र सरकार के पास भेजा गया, जहां केंद्रीय सड़क निधि के अंतर्गत लगभग दो माह पूर्व परियोजना को स्वीकृति प्रदान करते हुए 70 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया।
केंद्र की मंजूरी के बाद अब उत्तराखंड शासन ने भी पिछले सप्ताह शासनादेश जारी कर परियोजना के क्रियान्वयन का रास्ता साफ कर दिया है। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने औपचारिकताओं को आगे बढ़ाते हुए निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं। विभागीय स्तर पर परियोजना को धरातल पर उतारने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सोनू कुमार त्यागी ने टेंडर प्रक्रिया शुरू किए जाने की पुष्टि की है। वहीं परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने बताया कि विभाग की ओर से उन्हें टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ होने की जानकारी दी गई है।
फोरलेन सड़क का निर्माण केवल सड़क की चौड़ाई बढ़ाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह रुड़की की भविष्य की यातायात जरूरतों के लिहाज से भी अहम परियोजना साबित हो सकता है। सड़क चौड़ी होने से वाहनों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित होगी, आवागमन में लगने वाला समय कम होने की संभावना है और शहर के इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात का दबाव नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। खासकर हरिद्वार और दिल्ली की ओर आने-जाने वाले लोगों को इसका सीधा लाभ मिल सकता है। अब केंद्र और राज्य सरकार से मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी उम्मीद को नई जमीन मिली है। हालांकि लोगों को वास्तविक राहत निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ही मिल सकेगी। फिलहाल टेंडर प्रक्रिया शुरू होना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

अंकिता भंडारी की निजी चैट सार्वजनिक किए जाने के विरोध में पूर्व राज्यमंत्री के आवास का घेराव करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका
हरिद्वार (रिपोर्टर)। अंकिता भंडारी मामले में दोषी पुलकित आर्य के पिता पूर्व राज्यमंत्री विनोद आर्य द्वारा अंकिता और उसके दोस्त की निजी चैट सार्वजनिक किए जाने के विरोध में महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आर्यनगर स्थित विनोद आर्य के आवास का घेराव करने का प्रयास किया। घेराव करने






