मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। नगरपालिका परिषद की 6 नवंबर 2026 को आयोजित बोर्ड बैठक में दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-58 स्थित वहलना चौक का नाम बदलकर महाराणा प्रताप चौक किए जाने संबंधी प्रस्ताव को लेकर विरोध के स्वर उठने लगे हैं। नगरपालिका परिषद के वार्ड संख्या 33 की निर्वाचित सभासद सीमा जैन ने इस प्रस्ताव पर पुनर्विचार करने तथा इसे निरस्त करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने नगरपालिका अध्यक्ष को पत्र सौंपकर वहलना चौक का वर्तमान नाम यथावत रखे जाने की अपील की है।
सभासद सीमा जैन ने अपने पत्र में कहा कि वहलना चौक मुजफ्फरनगर शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों में शामिल है। इस चौक की पहचान श्री दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र मंदिर, वहलना से भी गहराई से जुड़ी हुई है। यह मंदिर जैन समाज की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ-साथ जनपद की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है।
हालांकि, सभासद सीमा जैन ने महाराणा प्रताप के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि वे भारतीय इतिहास के महान योद्धा और स्वाभिमान, साहस, त्याग एवं राष्ट्रभक्ति के प्रतीक हैं। उनके गौरवशाली व्यक्तित्व को सम्मान देने के लिए शहर के किसी अन्य उपयुक्त एवं प्रमुख स्थान पर महाराणा प्रताप चौक विकसित किया जाना सराहनीय पहल होगी।
उन्होंने नगरपालिका अध्यक्ष से आग्रह किया कि बोर्ड बैठक में प्रस्ताव संख्या 1234 पर पुनर्विचार करते हुए वहलना चौक का नाम पूर्ववत रखा जाए तथा महाराणा प्रताप के सम्मान में किसी अन्य प्रमुख स्थान का चयन किया जाए। सभासद ने विश्वास जताया कि नगरपालिका परिषद जनभावनाओं, धार्मिक आस्था और सामाजिक सौहार्द को प्राथमिकता देते हुए सकारात्मक निर्णय लेगी।

पालिका बोर्ड बैठक में भाजपा सभासद आमने-सामने, अनियमितता के लगाए आरोप
मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। नगर पालिका परिषद में विकास कार्यों के प्रस्तावों को लेकर भाजपा के ही सभासद आमने-सामने आ गए हैं। शुक्रवार को बोर्ड बैठक में वार्ड-25 और वार्ड-49 में प्रस्तावित विकास कार्यों के एस्टीमेट में कथित समानता का आरोप लगाते हुए वार्ड-26 के सभासद भाजपा नेता देवेश कौशिक ने भाजपा के ही सभासदों राजीव शर्मा






