मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। सिटी मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल के नेतृत्व में सोमवार को पालिका ईओ एवं उनकी टीम के साथ नगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पालिका टीम ने मीनाक्षी चौक से लेकर मछली बाजार तक दुकानों के बाहर किए अवैध कब्जों को हटवाया और सड़क खाली कराई गई। अतिक्रमण हटाने प्रशासनिक टीम के अचानक सड़कों पर उतरते ही दुकानदारों और कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया।

सोमवार को नवनियुक्त सिटी मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल जैसे ही नगर पालिका टीम के साथ मीनाक्षी चौक पहुंचे। सोमवार को अधिकारियों की मौजूदगी में सड़क किनारे और दुकानों के बाहर निर्धारित सीमा से आगे रखे सामान को तुरंत हटवाया गया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने चौक के आसपास ऐसे सभी स्थानों को चिन्हित किया जहां अतिक्रमण के कारण रास्ता संकरा हो रहा था। अधिकारियों ने दुकानदारों को मौके पर ही समझाया कि अपनी दुकान का सामान सड़क या सार्वजनिक रास्तों पर फैलाना नियम के खिलाफ है। इससे आम लोगों के साथ-साथ पूरे शहर की यातायात व्यवस्था पर बुरा असर पड़ता है। दुकानों के बाहर लगाए गए टीन के शेड को हटाने के लिए जेसीबी मशीन का भी सहारा लिया गया।
मीनाक्षी चौक पर कार्रवाई पूरी करने के बाद प्रशासनिक टीम सीधे मछली बाजार पहुंची। मछली बाजार वाले इलाके में हाल ही में बनाए नए सरकारी नालों की स्थिति को अधिकारियों ने ध्यान से देखा। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि कुछ दुकानदारों ने नए बने सरकारी नालों और उनके आसपास मौजूद सरकारी जमीन को भी अपने निजी इस्तेमाल में ले रखा था। नालों के ऊपर और किनारे सामान रखकर जमीन दबा ली गई थी। सिटी मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल के निर्देश पर मौके पर ही सरकारी नालों की पैमाइश कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। राजस्व और नगर पालिका की टीम ने नापतोल करके यह तय किया कि सरकारी नाले की वास्तविक सीमा कहां तक है और किस हिस्से में अवैध कब्जा किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नालों की जमीन पर कब्जे के कारण पानी की निकासी प्रभावित होती है। अगर नालों को अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया गया, तो बारिश के समय जल निकासी रुक जाएगी और पूरे इलाके में जलभराव की गंभीर समस्या खड़ी हो जाएगी। इसी वजह से नापजोख कराकर नालों की जमीन को पूरी तरह स्पष्ट किया जा रहा है, ताकि आगे कानूनी रूप से कब्जा हटाया जा सके। अतिक्रमण विरोधी अभियान में पालिका के ईओ पवन कुमार भी कर्मचारियों के साथ मौजूद रहे। नगर पालिका की टीम ने मौके पर अतिक्रमण हटवाने में सहयोग किया और इसके साथ ही नियम तोड़ने वाले दुकानदारों के खिलाफ कागजी कार्रवाई शुरू कर दी। नगर पालिका की ओर से अतिक्रमण करने वाले संबंधित दुकानदारों को नोटिस थमाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा हटाए गए कब्जे को किसी ने दोबारा खड़ा करने की कोशिश की, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कदम उठाया जाएगा।
इन्होंने कहा
सिटी मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा। उन्होंने घोषणा की कि जिन जगहों से बुधवार को अतिक्रमण हटाया गया है, वहां वे कल खुद पहुंचकर दोबारा जांच करेंगे। अगर कल के निरीक्षण में कहीं भी दोबारा सामान रखा या कब्जा मिला, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







