मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की ओर से खाद्य पदार्थों फलों और सब्जियों में खतरनाक पेस्टिसाइड्स एवं रासायनिक पदार्थों के उपयोग से बढ़ रहे कैंसर व पेट संबंधी घातक बीमारियों पर चिंता व्यक्त करते हुए जिला कृषि अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए जनपद में फल और सब्जियों को पकाने में रासायनिक पदार्थों के प्रयोग पर कार्रवाई किए जाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान समय में फल, सब्जियां, अनाज, दालें, दूध, मसाले, खाद्य तेल एवं अन्य दैनिक उपयोग के खाद्य पदार्थों में मिलावट तथा खतरनाक पेस्टिसाइड्स एवं रासायनिक पदार्थों का उपयोग लगातार बढ़ता जा रहा है। इसका सीधा दुष्प्रभाव आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है तथा विभिन्न गंभीर बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। बाजार में उपलब्ध अनेक खाद्य पदार्थों में ऐसे रसायनों का उपयोग किया जा रहा है जो मानव शरीर के लिए अत्यंत हानिकारक हैं। फल एवं सब्जियों को जल्दी पकाने, चमकदार बनाने एवं लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए विभिन्न प्रकार के केमिकल्स का प्रयोग किया जाता है। इसी प्रकार दालों, अनाजों, दूध, मसालों एवं खाद्य तेलों में भी मिलावट की अनेक शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इन पेस्टिसाइड्स एवं रासायनिक पदार्थों के प्रयोग से कैंसर, मधुमेह (शुगर) एवं उच्च रक्तचाप (ब्लड प्रेशर), किडनी एवं लीवर संबंधी रोग के साथ ही, थायराइड और हृदय संबंधी रोग भी बढ़ रहे हैं। उन्होंने मांग की कि जनपद में खाद्य पदार्थों की नियमित एवं व्यापक जांच अभियान चलाया जाए। फल, सब्जी, दाल, दूध एवं अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल बड़े स्तर पर लिए जाएं। प्रतिबंधित एवं खतरनाक पेस्टिसाइड्स की बिक्री एवं उपयोग पर कठोर निगरानी रखी जाए। इस दौरान मुख्य रूप से नगर प्रभारी अंशुमान अग्रवाल, नीरज बंसल, जिला महामंत्री प्रमोद त्यागी, नवीन सिंघल, प्रवीण धीमान, अमित राय जैन, अमजद सैफी, तारिक भाई, सुभाष मित्तल, राजीव गुप्ता, लवी गोयल, संजय बंसल आदि मौजूद रहे।

बहादराबाद पुलिस ने चाकू समेत दबोचा आरोपी
हरिद्वार (रिपोर्टर)। कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने चाकू समेत एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी संगीन घटना को अंजाम देने की फिराक में था। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकद्मा दर्ज किया गया है। ऑपरेशन प्रहार के तहत एसएसपी ने आपराधिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।






