मुजफ्फरनगर। लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ अखिलेश शर्मा के होनहार सुपुत्र समर्थ भारद्वाज का राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में प्रशिक्षण के लिए चयन हुआ। होनहार समर्थ के राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में चयन होने पर विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
जानसठ रोड स्थित लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ अखिलेश शर्मा ने बताया कि संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और नेवल अकादमी के 152वें बैच के लिए पिछले वर्ष सितंबर माह में लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया था। जिसमें उनके होनहार सुपुत्र समर्थ भारद्वाज ने सफलता प्राप्त की। इसके उपरांत समर्थ का फ़रवरी माह में जालंधर में एसएसबी इंटरव्यू हुआ। संघ लोक सेवा आयोग की ओर से घोषित अंतिम परीक्षा परिणाम में समर्थ ने सफलता हासिल की है। फाइनल सिलेक्शन के बाद समर्थ राष्ट्रीय रक्षा अकादमी खड़गवासला पुणे में तीन वर्ष का कठिन प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए अकादमी पहुंचा। तीन वर्ष के प्रशिक्षण के उपरांत समर्थ को एक वर्ष के सैन्य प्रशिक्षण हेतु इंडियन मिलिट्री अकादमी देहरादून जाना होगा। प्रशिक्षण के उपरांत समर्थ को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में देश सेवा करने का अवसर प्राप्त होगा।
प्रधानाचार्य ड़ॉ अखिलेश शर्मा ने बताया कि समर्थ की इंटरमीडिएट तक की शिक्षा सरस्वती विद्या मंदिर में पूर्ण हुई है। समर्थ की परिवारिक पृष्ठभूमि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुडी है। आरएसएस में प्रथम वर्ष प्रशिक्षण प्राप्त समर्थ पर शाखा कार्रवाह का दायित्व रहा है। उसकी माता रुपाली शर्मा ग्रहणी है। जबकि उसका बड़ा भाई आरव भारद्वाज मेडिकल की तैयारी कर रहा है।
समर्थ की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष ललित महेश्वरी, प्रबंधक देवेंद्र कुमार गर्ग तथा कोषाध्यक्ष अजय कुमार जैन तथा समस्त विद्यालय परिवार ने होनहार समर्थ तथा उसके परिवार को शुभकामनायें प्रदान की तथा उसके उज्जवल भविष्य की कामना की।






