मुजफ्फरनगर। पालिका परिषद् में संपन्न कांवड़ सेवा सम्मान समारोह में चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने शिव भक्त कांवड़ियों की सेवा कार्यों में जुटे स्काउट-गाइड के बच्चों, पालिका अफसरों व कर्मियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कांवड़ यात्रा को जनभागीदारी का उदाहरण बताते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा वास्तव में सामाजिक एकता का विराट उत्सव है, जहां पर सेवा, समर्पण व श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिलता है।
पालिका सभाकक्ष में गुरूवार को संपन्न विशेष सम्मान समारोह में मुख्य रूप से कांवड़ यात्रा के बीच नगरपालिका द्वारा की गई स्वच्छता, पेयजल, पथ प्रकाश व कंट्रोल रूम सहित अन्य सभी सेवा व सुविधा में लगे अफसरों व कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रशंसा की, वहीं कांवड़ मार्ग पर पुलिस प्रशासन और पालिका के साथ मिलकर नि:स्वार्थ सेवा करने पर स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवकों को प्रशस्ति पत्र और प्रेमोपहार देकर सम्मानित किया।
इस दौरान चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि कांवड़ यात्रा, केवल धार्मिक यात्रा नहीं, अपितु श्रद्धा, संयम, सेवा व सामाजिक सहयोग का जीवंत प्रतीक है। यह यात्रा न केवल हमारी आस्था को बल देती है, बल्कि आपसी सहयोग, सेवा व अनुशासन का भी पाठ पढ़ाती हैै। मेले में हमारे नगर ने सामूहिक रूप से सेवा और सौहार्द की जो मिसाल पेश की है, वह न केवल सराहनीय, बल्कि प्रेरणादायक भी है, जिसमें हमारे सफाई मित्रों का सहयोग सर्वाधिक सराहनीय है। इसके साथ ही भारत स्काउट एवं गाइड के बच्चों ने नि:स्वार्थ सेवा भाव के साथ एक संदेश समाज को दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसेवा नीति का संदेश लेकर भाजपा संगठन के देवतुल्य कार्यकर्ताओं ने भी सहयोग किया और हम मिलकर कांवड़ यात्रा को सुचारू, सुरक्षित और स्वच्छ बनाए रखने में सफल हो पाये।
पालिका ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने कहा कि किसी भी सफलता के पीछे एक नेतृत्व कार्य करता है और चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने कांवड़ यात्रा के दौरान खुद समर्पित रहकर टीम को जवाब देह बनाते हुए समर्पित किया, उनके मार्गदर्शन में ही टीम अपने दायित्व के प्रति समर्पित रही और हम इस चुनौती में सफल हो पाये। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सभासद रितु त्यागी, बबीता सिंह, राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, योगेश मित्तल, रजत धीमान, खालिद, शौकत अंसारी, अन्नू कुरैशी, भाजपा नेता विकल्प जैन, शोभित गुप्ता के साथ प्रादेशिक सहायक कमिश्नर अमित कुमार, स्काउट कमिश्नर विजय शर्मा, गाइड कमिश्नर डॉ. राजेश कुमारी, डॉ. सविता सिंह, रेणू गर्ग, भारत भूषण अरोरा, प्रभा दहिया, हिदायतुल्ला खां, पालिका के एनएसए अजय प्रताप शाही, एई निर्माण नैपाल सिंह समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम संचालन लिपिक तनवीर आलम ने किया।

e-paper 16/06/2026 Muzaffarnagar
Author: Friends Reporter Team Post Views: 23






