भारी भरकम कावंड़ों का युवाओं में दिखाई दिया इस बार क्रेज

Share :

मुजफ्फरनगर। श्रावण माह की दस्तक के बीच जनपद में कांवड़ियों का आगमन दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जनपदीय सीमा में कांवड़ियों को कोई भी परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह से तैयारियों में जुटा है। इस बीच नगरीय क्षेत्र में कावंड़ यात्रा को निर्विघ्न एवं शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने की दिशा में शुरू कवायदों के बीच में सुरक्षा कारणों से बैरिकेडिंग व वन-वे ट्रैफिक करने के साथ बिजली के खंभों पर पन्नी लगाने के साथ ट्रांसफार्मर पर बल्ली लगाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू है।
बाबा आशुतोष को मां गंगा का पवित्र जल अर्पित करने की पवित्र मंशा के बीच शिव भक्तों का रैला हरिद्वार से गंगा का पवित्र जल लेकर देश के विभिन्न प्रदेशों एवं जिलों की ओर बढ़ने का क्रम तेज हो गया है। गंतव्य की ओर बढ़ते इन कांवड़िओं की दस्तक हाईवे से नगर क्षेत्र से होते हुए आवागमन जारी है। इन दिनों शहर से होकर जाने वाले शिवभक्त कांवड़िये पवित्र भावना के बीच शिवचौक की परिक्रमा करते हुए गंतव्य की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। शनिवार को गंगाजल लेकर कांवड़ियों का रैला शहर से होकर गुजरता दिखाई दिया। बीते कुछ वर्षों से शिवभक्तों में आए तमाम बदलाव के बीच युवा पीढ़ी में अब भारी-भरकम कवंड़ में जल लेकर चलने का क्रेज बढ़ा है, जिसमें अधिकतर कांवड़िये 50 किग्रा से 101 से 251 किग्रा या उससे कहीं अधिक गंगाजल को कंधों पर लेकर लगातार गुजर रहे हैं। हालांकि इन शिवभक्तों के इस बीच सहयोग की खातिर कांवड़ियों के साथ इनके परिजन व दोस्तों की टोली भी देखी जा सकती है। कहना गलत न होगा, बदलते परिवेश में आस्था व भक्ति के साथ युवाओं में शक्ति प्रदर्शन की दिशा में सक्रिय युवा भोलों की टोलियों में कुछ कांवड़िये माता-पिता व दादी को कांवड़ में बैठा इस बार मुजफ्फरनगर जनपद की सीमा में आने का क्रम बीते कई दिनों से जारी है, जो अपने परिजनों को लेकर शिवचौक से से गुजर चुके हैं। उधर, शासन-प्रशासन की मंशा देवभूमि से आने वाले हर शिवभक्त कांवड़िए को जनपद की सीमा से गुजरते वक्त परेशानी न हो, इसका विशेष रूप से ध्यान रखा गया है। इसके लिए प्रशासन नेशनल हाइवे से संपर्क मार्ग, गंगा नहर पटरी और नगर क्षेत्र में पूरी तैयारी के साथ अलर्ट मोड़ पर है। ऐसे में शिवभक्त कांवड़ियों के लिए की जा रही तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण करने के लिए सहारनपुर एवं मेरठ मंडल के साथ उत्तराखंड के अधिकारी लगातार सड़कों पर उतरकर हर स्थिति पर नजरें बनाए हुए हैं। जनपद की सीमा में प्रवेश के साथ हाइवे और संपर्क मार्ग के साथ गंगा नहर पटरी कांवड़ मार्ग के कील-कांटे दुरूस्त करने में जुटे हुए हैं। वहीं कांवड़ मार्ग में सड़कों पर रखे ट्रांसफार्मर के चारों ओर बैरिकेडिंग कराने के साथ पोलों पर पन्नी लपेटे जाने के साथ विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने के लिए लाइन से सटे पेड़ों की कटाई और छंटाई कराने के साथ विद्युत ट्रांसफार्मर एवं विद्युत खंभे के आसपास सुरक्षा कारणों से बैरिकेडिंग तक की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Cricket Score
Share Market
Gold Silver Price
Rashifal