मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग सदस्य सपना कश्यप ने बुधवार को निरीक्षण भवन, लोक निर्माण विभाग, मुजफ्फरनगर में महिलाओं के विभिन्न विभागों से जुड़े प्रकरणों में सुनवाई करते हुए प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये। इसके साथ पूर्व में प्राप्त प्रकरणों के निस्तारण संबंध में समीक्षा की।
आयोग सदस्य सपना कश्यप ने बुधवार को मेरठ रोड निरीक्षण भवन में महिला उत्पीड़न मामलों में सुधार किए जाने के साथ यूपी सरकार द्वारा कराए सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए मौजूद रही पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को सुना। इस दौरान डाक बंगले पर जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी शक्ति शरण श्रीवास्तव, सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया, महिला सीएमएस डॉ. आभा आत्रेय, डिप्टी जेलर दीपक सिंह, महिला थाने के प्रतिनिधि ने पुष्प भेंट कर आयोग सदस्या का स्वागत किया। इस दौरान आयोग सदस्या सपना कश्यप ने सभी आगंतुकों के साथ पीड़ित महिलाओं को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए महिलाओं से संबंधित प्रकरणों में सुनवाई की। बुधवार को उनके समक्ष प्राप्त 08 प्रार्थना पत्रों में थाना फुगाना व खतौली, प्रोबेशन विभाग एवं सदर क्षेत्र से जुड़े प्राप्त हुए, जिनके निर्धारित समय अंतर्गत निस्तारण करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये गये। इसके साथ ही पूर्व में प्राप्त हुए आवेदनों व प्रकरणों के संबंध में आयोग सदस्य ने समीक्षा की। कार्यक्रम का संचालन संजय कुमार प्रोबेशन अधिकारी ने किया। इस दौरान मुख्य रूप से आयोग सदस्य के भ्रमण के दौरान नीना त्यागी जिला संरक्षण अधिकारी, पूजा नरूला केंद्र प्रशासक वन स्टॉप सेंटर, आंकड़ा विश्लेषक सचिन कुमार एवं आउटरीच वर्कर संजय कुमार एवं अजय कुमार उपस्थित रहे।

e-paper 16/06/2026 Muzaffarnagar
Author: Friends Reporter Team Post Views: 23






