मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में शुरू हुई आईपीएल की तर्ज पर एमपीएल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में तीसरे दिन क्रिकेट खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबले में बिन्दल स्ट्राइकर्स ने जहां अंबा वारियर्स पर जीत हासिल करते हुए अपनी मौजूदगी का अहसास करा दिया। वहीं दूसरी ओर एमएमसी टाइटंस ने खेल मैदान में जीएनसीसी को बड़ी चुनौती को स्वीकरते हुए अपनी मजबूत स्थिति के चलते अपने ग्रुप में सेमीफाइनल में जगह बना सबको चौंका दिया।

चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित एमपीएल टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन बुधवार को खेल मैदान में बिंदल स्ट्राइकर ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। इस बीच अम्बा वॉरियर्स की ओर से हर्षित शेट्टी ने 99 रनों की शानदार पारी खेलने के साथ अम्बा वॉरियर्स 170 बनाने में सफल रही। निर्धारित ओवरों के साथ इस लक्ष्य की पीछा करते हुए मैदान में उतरे बिंदल स्ट्राइकर के खिलाड़ियों ने बहुत ही आसानी से लक्ष्य प्राप्त कर लिया। इस बीच शिवकुमार ने 84 रनों और विकास बालियान ने शानदार 30 रनों का योगदान दिया, जिसकी बदौलत बिंदल स्ट्राइकर ने मैच को बड़ी आसानी से जीत लिया। इसके साथ ही ग्रुप-ए से बिंदल स्ट्राइकर और एमएमसी टाइटंस ने सेमी फाइनल में जगह बनाई। मैच के समापन पर मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन के जॉइंट सेक्रेटी ओम देव सिंह, मयंक बिंदल, योगेन्द्र मलिक मौजूद रहे। मैच में शिवकुमार को मैन आॅफ द मैच, फाइटर का मैच विकास बालियान और रितेश को बेस्ट फिल्डर चुना गया। इस मैच में मौ. आदिल जैदी, शाहिद सैफी निर्णायक एवं रवि कौशिक थर्ड अंपायर के रूप में उपस्थित रहे। आॅनलाइन स्कोरिंग में पलक शर्मा एवं अपूर्व यादव ने निभाई।
वहीं दूसरी ओर स्टेडियम में खेले गए दूसरे मैच में एमएमसी टाइटंस ने जीएनसीसी को हराकर एमपीएल टी-20 में अपनी दूसरी जीत दर्ज कराने में सफलता प्राप्त कर ली। खेल मैदान में एमएमसी टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय किया। इस बीच अनिवेश और करण ने पहली विकेट के लिए 58 रन बनाए। मौ. नफीस ने करण को 31 रनों के निजी स्कोर पर आउट करते हुए जीएनसीसी को पहला झटका दिया। सचिन के 48 और प्रियांश के 36 रनों की बदौलत 20 ओवर में पूरी टीम 172 रनों का लक्ष्य बना पाई। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने के लिए खेल मैदान में उतरी एमएमसी टाइटंस की ओर से दीपक राणा ने 51 और ओनिक राणा के 68 एवं ऋतिक ने शानदार 22 रन बनाकर जीत को आसान सा कर दी। एमएमसी टाइटंस की जीत के बाद मैदान में खिलाड़ियों के बीच खुशी दिखाई दी। समापन समारोह में एमएमसी टाइटंस के प्रायोतक गौरव स्वरूप व करण स्वरूप के अलावा मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन भीम कंसल, अध्यक्ष भूपेंद्र यादव, सचिव मनोज पुंडीर, कोषाध्यक्ष संजय शर्मा, उपाध्यक्ष कुशल पाल सिंह, इंदर माथुर, योगेंद्र मलिक, संयुक्त सचिव ओमदेव सिंह, रोहित चौधरी, विकास राठी, अरविंद भारद्वाज, रोहन त्यागी, अरशद आदि उपस्थित रहे। मैच में ओनिक को मैन आॅफ द मैच एवं सचिन शर्मा को फाइटर आॅफ दा मैच और ऋतिक को बेस्ट फिल्डर चुना गया। इस मैच में मौ. आदिल रजा, रवि कौशिक ने निर्णायक की भूमिका निभाई। शाहिद ने थर्ड अंपायर के रूप में उपस्थित रहे।







