मुजफ्फरनगर। सरकार की सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति के 8 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में त्रिदिवसीय मेले के दूसरे दिन बुधवार को बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में पहुंची माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने योगी सरकार की उपलब्धियों में स्तंभ के रूप में अपना योगदान देने वाले जनपद में युवा उद्यमियों के साथ शिक्षकों एवं युवाओं को सम्मानित किया। इस बीच महिला कल्याण विभाग की ओर से नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को जहां नियुक्ति पत्र वितरित किए गए, वहीं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों, शिक्षकों एवं अन्य लोगों को शॉल ओढ़ाकर व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग व महिला की सुरक्षा आदि के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ाने के प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार निरंतर प्रयास कर रही है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना से वंचित न रहे, उसे उस योजना का लाभ अवश्य मिले। इससे पूर्व मंत्री गुलाब देवी एवं मीरांपुर विधायक मिथलेश पाल ने मौजूद महिलाओं के साथ पैनल पर डिस्कशन करते हुए एक-दूसरे के जीवन से जुड़े विषय तथा आगे बढ़ने की प्रेरणा से अवगत कराया। उन्होंने जिले के शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं जनपद के प्रमुख उद्यमियों को मंच पर आमत्रित करने के साथ ही प्रशस्ति पत्र व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। जनपद के युवा उद्यमियों में इस दौरान सम्मानित होने वालों में मुख्य रूप से बिंदल ग्रुप के डायरेक्टर मयंक बिंदल, उद्यमी रघुराज गर्ग के पुत्र एवं कैमटेक एलएलपी के डायरेक्टर मोहित गर्ग, सिल्वरटोन प्लप एंड पेपर लि. के ऋषभ जैन, जेबी स्टील के राजू अग्रवाल, बिक्रम लैबोरेट्रिज के कार्तिक अग्रवाल, समेत कई अन्य उद्यमियों को राज्य मंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। इसके साथ मंत्री गुलाब देवी ने बाल विकास पुष्टाहार विभाग द्वारा नियुक्त की गई तमाम आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को नियुक्ति पत्र देते हुए प्रदेश के विकास में योगदान दिए जाने के लिए प्रेरित किया। स्कूली बच्चों ने इस बीच रामायण पर आधारित नाटिका की प्रस्तुति करते हुए पंडाल में मौजूद लोगों को आनन्दित किया।

e-paper 16/06/2026 Muzaffarnagar
Author: Friends Reporter Team Post Views: 23






