मुजफ्फरनगर। योगी सरकार की सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति के आठ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में त्रिदिवसीय मेले के दूसरे दिन मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गुलाब देवी ने दीप प्रज्ज्वलित करते हुए मेले का शुभारंभ किया। इस बीच मेले में लाभार्थियों को टूल किट, ऋण वितरण एवं चेक आदि वितरित करते हुए सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। इससे पूर्व मंत्री द्वारा विभागों द्वारा लगाए स्टॉल, प्रदर्शनी, आरोग्य मेला, ऋण वितरण एवं अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास आदि का भ्रमण करते हुए अवलोकन किया। मेले में कुंभ मेला, महिला सुरक्षा एवं विकास की डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रसारण किए जाने के साथ मंत्री संग अन्य माननीयों ने भी देखा।
मंत्री माध्यमिक शिक्षा स्वतंत्र प्रभार गुलाब देवी ने कहा कि यूपी सरकार की सेवा, सुरक्षा व सुशासन के उपलक्ष्य में जिला स्तर पर तीन दिवसीय नुमाईश मैदान में लगने वाले मेले की प्रशासन द्वारा की व्यवस्थाओं तथा पुलिस प्रशासन द्वारा लगाई प्रदर्शनी को देखकर, उन्होंने डीएम-एसएसपी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मेले में विभिन्न विभागों द्वारा फूड कोर्ट, स्टॉल, प्रदर्शनी, आरोग्य मेला, ऋण वितरण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मेले के माध्यम से सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी यहां के लोगों को दी जा रही है, जिससे लोगों को इन योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि सरकार द्वारा संचालित इन लाभकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक अवश्य पहुंचे, जिस पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि यूपी में महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं संचालित की गई है, जिनके अब महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही है। विषम परिस्थितियों का सामना करते हुए महिलाएं आज हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधे मिलाकर कार्य कर रही हंै। उन्होंने महिलाओं से कहा कि अपने बेटे के साथ अपनी बेटी को अवश्य पढ़ाएं और उसे आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम करें। उन्होंने विभाग के अधिकारियों से कहा कि इन स्टॉलों एवं प्रदर्शनी के माध्यम से मेले में आने वाले लोगों को अपने विभाग की संचालित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएं, जिससे उनको उन योजनाओं का लाभ मिल सके। संचालन बाल कल्याण समिति सदस्य डॉ.राजीव कुमार एवं स्काउट गाइड से जुड़े भारत भूषण द्वारा किया गया। इस दौरान मीरांपुर की विधायक मिथलेश पाल, खतौली विधायक मदन भैया, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी, पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, डीएम उमेश मिश्रा, डीआईजी/एसएसपी अभिषेक सिंह, डीआईजी संदीप भागिया, एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, एडीएम वित्त गजेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट विकास कश्यप, सीओ नई मंडी रूपाली राय, समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






