लखनऊ/मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड ने आगामी 22 जनवरी से 30 जनवरी तक जेईई मेंस की होने वाली परीक्षा को देखते हुए अपनी इंटरमीडिएट प्रायोगिक परीक्षा की तिथि बदल दी है। यूपी बोर्ड की ओर से जारी नए शैड्यूल में अब प्रायोगिक परीक्षा प्रथम चरण में एक फरवरी से प्रारंभ होकर आठ फरवरी तक चलेगी। इसी तरह दूसरे चरण की परीक्षा अब नौ से 16 फरवरी के मध्य कराई जाएगी। रविवार को इसकी समय सारिणी यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने शनिवार को जारी कर दी।
उत्तर प्रदेश में यूपी बोर्ड परीक्षा की ओर से पूर्व में प्रथम चरण की प्रायोगिक परीक्षा 23 जनवरी से 31 जनवरी के मध्य तथा दूसरे चरण की परीक्षा एक से 8 फरवरी के मध्य होनी थी। बदले शैड्यूल में नई समय सारिणी के अनुसार अब प्रथम चरण में अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मीरजापुर, वाराणसी व गोरखपुर मंडल के सभी जनपदों में कराई जाएगी। इसी तरह दूसरे चरण में अब सहारनपुर, आगरा, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या, आजमगढ़, देवीपाटन और बस्ती मंडल के जनपदों में कराई जाएगी।






