मुजफ्फरनगर। सफाई व्यवस्था में लगी एमआईटूसी कंपनी पर पालिका ने पांच दिन की हड़ताल के लिए 15 लाख रुपये का जुर्माना लगाते हुए मासिक भुगतान से रकम की कटौती कर ली है। वहीं यूजर चार्ज फीस के लिए भी 27 लाख रुपये होल्ड कर दिए हैं। दिसम्बर माह के लिए कंपनी को पालिका द्वारा 48 लाख रुपये का भुगतान जारी किया गया है। कंपनी द्वारा कर्मचारियों को वेतन नहीं दिये जाने के कारण नवम्बर माह में कर्मियों ने 5 दिनों तक हड़ताल की थी। इन पांच दिनों में शहर में कूड़ा कलेक्शन का काम ठप होने पर अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह ने कंपनी के मासिक भुगतान से कटौती करने के निर्देश नगर स्वास्थ्य अधिकारी अतुल कुमार को दिए थे।
हड़ताल समाप्ति के बाद कंपनी ने दिसम्बर माह का भुगतान पाने के लिए पालिका से डिमांड की थी। कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर कुलदीप सिंह ने बताया कि नगर पालिका से कंपनी को दिसम्बर माह के लिए मात्र 48 लाख रुपये का भुगतान किया गया, जबकि उन्होंने यूजर चार्ज फीस के लिए 25 लाख का चैक पालिका को दे दिया था।
इन्होंने कहा-
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अतुल कुमार ने बताया कि कंपनी पर पांच दिन की हड़ताल के लिए 15 लाख रुपये का जुर्माना ईओ के आदेश पर लगाया था, उसको दिसम्बर माह के भुगतान से काटा गया है, वहीं मासिक यूजर चार्ज के रूप में कंपनी का दिया चैक अभी क्लीयर नहीं हुआ है, पूर्व में भी कंपनी के चैक बाउंस हो गए थे, इसके चलते चैक क्लीयर होने तक कंपनी के उक्त भुगतान से 27 लाख रुपये होल्ड किए गए हैं, यदि कंपनी का दिया चैक क्लीयर होता है तो नियमानुसार शेष रकम रिलीज की जायेगी।






