मुजफ्फरनगर। कंपनी बाग की दुर्दशा सुधारने की दिशा में शुरू पहल के बीच शुक्रवार को चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने मेरठ रोड स्थित नगर की ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल कमला नेहरू वाटिका कंपनी बाग का निरीक्षण किया। इस क्षेत्र के पूर्ण कायाकल्प की तैयारियों में जुटी चेयरपर्सन ने अपने स्वप्निल प्लान को धरातल पर उतारने की खातिर शुक्रवार सुबह इन्हीं तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए चेयरपर्सन वार्ड सभासदों के साथ कंपनी बाग पहुंची और कम्पनी बाग को थीम पार्क में बदलने के लिए हो रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परखने के साथ साफ सफाई के साथ अन्य व्यवस्थाओं की जांच की। इस दौरान उन्होंने मालियों और सफाई कर्मियों की हाजिरी चैक की। उन्होंने सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए यहां स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर इसमें चूक होने पर दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
कंपनी बाग के निरीक्षण के बाद चेयरपर्सन पालिका में पहुंची, जहां उन्होंने बेतरतीब वाहनों की पार्किंग पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसमें सुधार के निर्देश दिए। वहीं उन्होंने पालिका परिसर में व्याप्त गंदगी व जल भराव और रिसाव की समस्याओं पर अंकुश लगाने के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने वाहनों की धुलाई में प्रयुक्त जल की निकासी न होने पर नाराजगी जताते हुए परिसर में गंदगी पर कड़ी कार्यवाही किए जाने के संकेत दिए। बाद में उन्होंने पालिका के विभिन्न दफ्तरों का निरीक्षण करते हुए आने वाले सभी फरियादियों की समस्याओं का समय रहते निदान कराने और लोगों को रोजमर्रा चक्कर काटने की प्रवृति पर रोक लगाने के लिए काम करने की नसीहत दी। इस दौरान सभासद मनोज वर्मा व पूर्व सभासद आशुतोष गुप्ता समेत अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
बता दें, पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप की ओर से तैयार योजना में आने वाले दिनों में अब कम्पनी बाग में बोटिंग एरिया के साथ ही जंगल थीम व टॉय ट्रेन की यात्रा का रोमांच आदि सब कुछ शामिल करने की तैयारी है। अभी इस पर 3.50 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है, जिसका बजट बढ़ भी सकता है।






