मुजफ्फरनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड प्रयागराज की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। प्रयागराज बोर्ड से निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पूर्व में आई 50 से अधिक आपत्तियों के निस्तारण को जिला स्तरीय कमेटी जहां एक ओर तेजी से काम कर रही है। वहीं दूसरी ओर शिक्षा विभाग वर्ष 2024-25 की बोर्ड परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न संपन्न कराने की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। यूपी बोर्ड परीक्षा में जनपद में इस बार कुल 57,477 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है, जिनके इस बार प्रतिभाग करने की सभी संभावनों के बीच शिक्षा विभाग उनकी सीटिंग व्यवस्था के लिए परीक्षा केंद्रों को निर्धारित करने के साथ अंतिम सूची तैयार करने के कार्य में जुटा है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड प्रयागराज की बोर्ड परीक्षा के लिए 10वीं और 12वीं की तिथियों का निर्धारण हो गया है। इसके चलते फरवरी के अंतिम सप्ताह से जनपद में शुरू होने वाली यूपी बोर्ड परीक्षा में एक मार्च से मुख्य विषयों की बोर्ड परीक्षा शुरू होगी। वर्ष 2024-25 की बोर्ड परीक्षा में 10वीं और 12वीं कक्षा के लिए जनपद में कुल 57,477 बोर्ड परीक्षार्थी पंजीकृत है। इसमें जहां 10वीं कक्षा में 29,571 परीक्षार्थी पंजीकृत है, इसमें 239 प्राइवेट परीक्षार्थी हैं। वहीं 12वीं बोर्ड परीक्षा के लिए इस बार जिले में कुल 27,906 परीक्षार्थी पंजीकृत है, जिसमें से 1,702 परीक्षार्थी प्राइवेट हैं। इस परीक्षा में जनपद में दोनों कक्षाओं से 30,350 बालक और 27,127 बालिका परीक्षार्थी शामिल है।
इन्होंने कहा-
डीआईओएस राजेश श्रीवास ने बताया कि वर्ष 2024-25 की यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 71 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इसमें बीते दिनों कुल 50 आपत्ति आई है, इसमें जीआइसी विद्यालयों को ही बदला जाएगा, लेकिन वित्तविहीन विद्यालयों में बोर्ड परीक्षा के मानकों को पूर्ण कर उन्हें ही परीक्षा केंद्र बनाकर बोर्ड परीक्षा कराने की तैयारी चल रही है। उन्होंने बताया कि जनपद में यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 16 राजकीय, 45 अशासकीय,10 वित्तविहीन विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था, जिसमें पूर्व में दर्ज कराई गई आपत्तियों में अधिकांश आपत्ति वित्तविहीन विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने दी है।






