मुजफ्फरनगर। हारे का सहारा, बाबा श्री खाटू श्याम हमारा के गगनचुंबी जयघोष के बीच श्रीगणपति धाम ट्रस्ट समिति भरतिया कालोनी में भगवान श्रीखाटू श्याम जन्मोत्सव के अवसर पर शनिवार में भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। इस दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल, सिद्धबली पेपर स्वामी श्रवण गर्ग व पराग गोयल समेत अन्य अतिथियों ने मंदिर प्रांगण में पहुंच, बाबा श्याम की आरती करने के बाद नारियल फोड़कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। शोभायात्रा में श्री खाटू श्याम जी नयनाभिराम श्रृंगार के साथ में स्वर्ण रथ पर सवार होकर भक्तों का कल्याण करने के लिए निकले। इस बीच भक्तजन उनके दर्शन करने, रथ खींचने व उनकी महिमा का गुणगान करते दिखाई दिए। बाबा श्याम का दर्शन कर उनका रथ खींचने के लिए भक्तों में असीम उत्साह और भक्तिभाव का वातावरण बना नजर आया। कई स्थानों पर शोभायात्रा में फूलों की वर्षा की। अनेक स्थानों पर भक्तों ने भंडारे भी लगाये।
श्री गणपति धाम मंदिर परिसर में श्री खाटू श्याम जन्मोत्सव का भव्य शोभायात्रा का श्रीगणेश हो गया। चार दिवसीय कार्यक्रमों की कड़ी में शनिवार को श्री गणपति धाम समिति के पदाधिकारियों ने मंदिर परिसर में हवन यज्ञ करने के बाद श्री खाटू श्याम का फूलों से श्रृंगार किया और उनको भोग लगाया। यहां पहुंचे मुख्य अतिथि मंत्री कपिल देव अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप, सिद्धबली पेपर मिल से श्रवण गर्ग, पराग गोयल, सिल्वरटोन पेपर से अमित गर्ग, पूर्व विधायक अशोक कंसल, संजय मित्तल, विजय शुक्ला, विशाल गर्ग आदि का श्री गणपतिधाम ट्रस्ट से जुड़े भीम कंसल व चचा जेपी गोयल आदि पदाधिकारियों ने पटका पहनाकर और भगवान श्री कृष्ण की मूर्ति व खाटू श्याम का चित्र भेंटकर स्वागत किया। अतिथियों ने श्री खाटू श्याम की आरती कर नारियल फोड़कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। उक्त शोभायात्रा श्री गणपति धाम मंदिर से प्रारम्भ होकर परम्परागत मार्ग से नवीन मंडी भोपा पुल, मालवीय चौक, अंसारी रोड, शिव चौक, टाउन हाल रोड, पचेंडा रोड रेलवे ओवर ब्रिज गांधी कालोनी, द्वारकापुरी, भोपा रोड एवं वकील रोड से होते हुए वापस मंदिर में सम्पन्न हुई। शोभायात्रा में 5 बैण्ड, ढोल, 10 झांकियां और बाबा श्याम का स्वर्ण रथ भक्तों के आकर्षण का केन्द्र रहे। हजारों भक्तों ने बाबा श्याम का गुणगान और जयकारा करते हुए उनका रथ अपने हाथों से खींचा। इस बीच पूरा शोभायात्रा मार्ग झंडों, तोरणद्वार से सजाया गया।
इस दौरान मुख्य रूप से श्री गणपति खाटू श्याम मन्दिर परिवार से अशोक गर्ग, अनिल गोयल, चचा जेपी गोयल, कैलाश चन्द ज्ञानी, सोमप्रकाश कुच्छल, रजत गोयल, अम्बरीश सिंघल, बिजेन्द्र रानो, विकास अग्रवाल, विनोद राठी, प्रतीक कंसल, नीरज गोयल, अमित गोयल, अमित गुप्ता, अंकित अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, शशांक राणा, शुभम तायल, रजत राठी, नवनीत गुप्ता, यश गर्ग, तुषार गर्ग आदि बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।






