मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। गांधी की वेशभूषा में घूमता छात्र और उसके पीछे स्वच्छता का नारा लगाते उसके साथी। जोश व खरोस से लबरेज इन छात्रों ने गांधी जयंती के मौके पर श्री राम कॉलेज में गुरुवार को जो संदेश दिया उसकी गूंज काफी दूर तक सुनाई देगी। वहीं दूसरी ओर कुछ छात्रों का समूह नुक्कड़ नाटक के जरिए कॉलेज में स्वच्छता को एक बार फिर से सभी के लिए विमर्श में लाने की कोशिश की।
पत्रकारिता विभाग के बच्चों की पहल
कॉलेज के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के बी.ए.जे.एम.सी अंतिम वर्ष और बी. ए.जे.एम.सी प्रथम वर्ष के छात्रों ने अपने रचनाधर्मिता का बेजोड़ प्रदर्शन कर अपने कला कौशल से सभी को परिचित कराया। वहीं भी.ए.जे.एम.सी द्वितीय वर्ष के छात्रों ने घूम- घूम कर बच्चों, फैकल्टी के इंटरव्यू लिये। कुल मिलाकर सभी बच्चों ने इस कार्यक्रम में अपना सौ फीसदी देने की कोशिश की है।
अलग-अलग विभागों में प्रदर्शन
पत्रकारिता के छात्रों ने कॉलेज के अलग-अलग विभागों और सार्वजनिक स्थानों पर अपने प्रदर्शन से सभी को चौंका दिया। कैमरे के सामने कसे हुए संवाद और अपनी भाव-भंगिमा के माध्यम से छात्रों ने पूरे माहौल को बांध के रखा। जहां उन्हें खूब तालियां सराहना के तौर पर मिली। वहीं नुक्कड़ नाटक में छात्रों ने अपने पहले प्रयास में चुभते संवाद और भाव- भंगिमा का प्रदर्शन कर यह बता दिया कि वे भी बहुत कुछ करने की मादा रखते हैं।
पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं
विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश कुशवाहा ने कहा कि विभाग का उद्देश्य छात्रों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें मीडिया के माध्यम से समाज को देखने, समझने और उससे संवाद करने का अवसर देना है। गांधी जयंती के कार्यक्रम को भी इसी दृष्टिकोण के साथ तैयार किया गया, जिसमें अलग-अलग कक्षाओं के छात्रों को विभिन्न मीडिया माध्यमों के जरिए अपनी अभिव्यक्ति का अवसर मिले।
विचार गोष्ठी आयोजित
श्रीराम कॉलेज ऑफ लॉ में गांधी जी और शास्त्री जी की जयंती के पूर्व संध्या पर विचार गौष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विभाग की आंचल अग्रवाल ने कहा कि आज 2 अक्टूबर का दिन भारत में विशेष स्थान रखता है। प्राचार्या डॉ.पूनम शर्मा ने कहा कि दोनों का योगदान देश के लिए अतुलनीय है।इस कार्यक्रम में संजीव कुमार, सोनिया गौड़, राखी प्रमोद तुपे, मिन्नी सिंघल, विश्वेंद्र पंवार, आशीष कुमार, हर्षित भाटिया, नितिन वाधवा, विनय तिवारी, प्रीति और कृष्णपाल का सहयोग रहा।

भाषण प्रतियोगिता आयोजित
कॉलेज के शिक्षक शिक्षा विभाग में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल ने अपने संबोधन में कहा की महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। इसमें प्रथम पुरस्कार बी.एड की निशा, द्वितीय पुरस्कार एम.एड.के रूपेंद्र और तृतीय पुरस्कार बी.एड की कशिश भाटिया को मिला। इस मौके पर शिक्षक डॉ.विधि सिंह, रितु गर्ग, सपना सिंघल, भारती त्यागी मौजूद थी।







