हरिद्वार (रिपोर्टर)। कनखल राजघाट स्थित श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन निर्वाण में मुखिया महंत रघुमुनि को श्रीमहंत नियुक्त किए जाने की मांग को लेकर प्रकाशित खबर को अखाड़े के कोठारी महंत राघवेंद्र दास महाराज ने गलत और भ्रामक बताया है। उन्होंने कहा कि अखाड़े की ओर से उक्त खबर का स्पष्ट रूप से खंडन किया जाता है।महंत राघवेंद्र दास ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि महंत अग्रदास और मुखिया महंत रघुमुनि को करीब तीन वर्ष पूर्व अखाड़े के नियमों के उल्लंघन तथा व्यक्तिगत नाम से संपत्ति की खरीद-फरोख्त किए जाने के आरोपों के संबंध में प्रस्ताव पारित कर सर्वसम्मति से अखाड़े से निष्कासित किया जा चुका है। इसके बावजूद दोनों अपने नाम के आगे अखाड़े के पदनाम का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब दोनों को अखाड़े से निष्कासित किया जा चुका है और अखाड़े की ओर से उन्हें कोई पद अथवा अधिकार प्राप्त नहीं है, तो फिर अखाड़े के नाम पर बयान या प्रेस विज्ञप्ति जारी करने का अधिकार किस आधार पर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके द्वारा जारी किसी भी बयान अथवा प्रेस विज्ञप्ति को अखाड़े का आधिकारिक पक्ष नहीं माना जाना चाहिए। महंत राघवेंद्र दास ने बताया कि श्रीमहंत महेश्वर दास के त्यागपत्र के बाद वर्तमान में श्रीमहंत दुर्गा दास उनके स्थान पर दायित्व संभाल रहे हैं। वहीं, अखाड़े के सचिव पद से महंत अग्रदास के निष्कासन के बाद हंस मुनि महाराज वर्तमान में सचिव का दायित्व संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखाड़े की ओर से किसी भी आधिकारिक निर्णय, घोषणा अथवा बयान के लिए अधिकृत पदाधिकारियों के वक्तव्य को ही मान्यता दी जाएगी। उन्होंने श्रीमहंत की नियुक्ति से संबंधित प्रकाशित खबर को तथ्यहीन बताते हुए उसका पूर्ण खंडन किया।

भारत विकास परिषद् मेन शाखा द्वारा “भारत को जानो” प्रतियोगिता का आयोजन
मुज़फ्फरनगर (रिपोर्टर)। भारत विकास परिषद् द्वारा आयोजित अखिल भारतीय “भारत को जानो” प्रतियोगिता के अंतर्गत भारत विकास परिषद् मेन शाखा द्वारा जनपद के चार विद्यालयों—डी.एस. पब्लिक स्कूल, नव भारती विद्या मंदिर, माँ सरस्वती विद्या मंदिर एवं पी.आर. पब्लिक स्कूल—में प्रतियोगिता आयोजित कराई जा रही है। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों से भारत के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं, राष्ट्र






