मुज़फ्फरनगर (रिपोर्टर)। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चल रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ के अंतर्गत राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सदर विधानसभा क्षेत्र के बीबीपुर, भंडूरा, शेरनगर, बिलासपुर एवं गांधीनगर (कूकड़ा) में आयोजित ‘कलश वंदन यात्रा’ में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के साथ श्रद्धापूर्वक सहभागिता की।
वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास जी महाराज के पावन जन्मस्थल सीर गोवर्धनपुर से प्रारंभ हुई यह यात्रा आज मुज़फ्फरनगर सदर विधानसभा क्षेत्र पहुँची। यात्रा का शुभारंभ ग्राम बीबीपुर से हुआ, जहाँ श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात यात्रा रविदास मंदिर पहुँची और फिर भंडूरा, शेरनगर, बिलासपुर होते हुए कूकड़ा पहुँची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, भजन-कीर्तन एवं जयघोष के साथ यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया तथा विभिन्न स्थानों पर स्थित संत गुरु रविदास जी के मंदिरों में दर्शन-पूजन कर पवित्र कलश स्थापित किए। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय के साथ संत गुरु रविदास जी के आदर्शों को आत्मसात करने तथा सामाजिक समरसता को सुदृढ़ बनाने का संकल्प भी लिया।
अपने संबोधन में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि कलश वंदन यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि संत गुरु रविदास जी के समानता, मानवता, प्रेम, सामाजिक न्याय और समरसता के अमर संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का एक सशक्त अभियान है। उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने अपने जीवन और वाणी से समाज को जाति-पांति, ऊँच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, भाईचारे एवं समानता का संदेश दिया, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक और प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि सशक्त और विकसित समाज का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान, समान अवसर और सामाजिक न्याय प्राप्त हो। संत गुरु रविदास जी के विचार सामाजिक एकता और राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं। हम सभी का दायित्व है कि उनके बताए मार्ग पर चलकर समरस, समावेशी और सशक्त समाज के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अजय सागर, ज़िला महामंत्री अमित सुधा, ज़िला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग, मण्डल अध्यक्ष अमित शास्त्री, हरेंद्र पाल, सुशील गोयल, सुनील चौधरी, प्रधान रविंद्र पाल, दिनेश पाल, सारिका, प्रमोद, लवली गुर्जर, जितेन्द्र कुच्छल आदि बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, संत समाज के प्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
आगामी चरण में यह कलश वंदन यात्रा मुज़फ्फरनगर सदर विधानसभा क्षेत्र के खादरवाला, कृष्णापुरी, दक्षिण कृष्णापुरी एवं प्रेमपुरी पहुँचेगी, जहाँ श्रद्धालु यात्रा का स्वागत करते हुए संत गुरु रविदास जी के समरसता एवं सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लेंगे। अंत में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए समानता, प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक समरसता को और अधिक सशक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।

संत समाज का मार्गदर्शन धर्म, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा: मुख्यमंत्री
हरिद्वार (रिपोर्टर)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री ब्रह्म निवास आश्रम सप्तसरोवर रोड भूपतवाला में पूज्य सतगुरु लाल दास महाराज के 51वाँ निर्वाण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूज्य सतगुरू लाल दास महाराज ने अपने जीवन में आध्यात्मिकता को प्राथमिकता देते हुए समाज को सेवा, सत्य और भक्ति के






