सावन मास की कांवड़ यात्रा के मद्देनजर नगरपालिका परिषद ने शहर के हृदय स्थल स्थित शिव मूर्ति मंदिर का व्यापक सौंदर्यीकरण कर उसे नया और भव्य स्वरूप प्रदान किया है। पहली बार मंदिर परिसर को लगभग 70 बहुरंगी फसाड लाइटों से सजाया गया है, जिससे रात्रि के समय पूरा परिसर आकर्षक रोशनी से जगमगा उठता है। इस नई सजावट ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के आकर्षण को और बढ़ा दिया है।

नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने शिव मूर्ति के सौंदर्यीकरण कार्य तथा कांवड़ यात्रा के लिए बनाए गए सेल्फी प्वाइंट का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर भगवान भोलेनाथ की महाआरती कर उन्होंने कांवड़ यात्रा के सफल, सुरक्षित और मंगलमय संपन्न होने की प्रार्थना की। साथ ही शहरवासियों तथा नगरपालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों के सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना भी की। पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने बताया कि शिव मूर्ति मंदिर को पहली बार इस प्रकार का बहुरंगी प्रकाशीय स्वरूप दिया गया है। इस सौंदर्यीकरण कार्य पर बोर्ड फंड से करीब 30 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। मंदिर परिसर में स्थापित लगभग 70 आधुनिक फसाड लाइटें रात के समय शिव मूर्ति की भव्यता को कई गुना बढ़ा रही हैं, जिससे यह स्थल श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा देश की सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहरों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों से प्रेरणा लेकर नगरपालिका परिषद ने भी इस दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। उद्देश्य यह है कि मुजफ्फरनगर आने वाले श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ-साथ स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक वातावरण का अनुभव हो।
रात्रि के समय शिव मूर्ति मंदिर की रंग-बिरंगी रोशनी देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक पहुंच रहे हैं। वहीं उत्तराखंड से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़िये भी इस भव्य सजावट से प्रभावित होकर यहां रुककर दर्शन कर रहे हैं और सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें खिंचवा रहे हैं। कई श्रद्धालुओं ने पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के साथ भी सेल्फी लेकर इस विशेष पल को यादगार बनाया। नगरपालिका की इस पहल की शहरभर में सराहना हो रही है। नागरिकों का मानना है कि धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण से न केवल शहर की पहचान मजबूत होती है, बल्कि कांवड़ यात्रा जैसे विशाल धार्मिक आयोजनों की गरिमा और आकर्षण भी बढ़ता है। इस अवसर पर मुख्य रूप से वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप, युवा भाजपा नेता विकल्प जैन, सभासद राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, कुसुमलता पाल, प्रमोद अंबेडकर, शोभित गुप्ता, प्रवीण जैन चीनू, वीरेन्द्र अरोरा, भानुप्रताप, शिशुकांत गर्ग सहित अधिशासी अधिकारी पवन कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनू चौधरी, पथ प्रकाश प्रभारी जेई जलकल जितेन्द्र सैनी, लिपिक राजीव वर्मा, आईटी ऑफीसर प्रियेश कुमार के अलावा सैंकड़ों लोग मौजूद रहे। अंत में शिव मूर्ति संचालक मण्डल की ओर से भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।







