मुजफ्फरनगर। यूपी सरकार की सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति के आठ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में त्रिदिवसीय मेले के गुरूवार को अंतिम दिन नुमाइश मैदान में पात्रों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिए जाने के साथ प्रोत्साहित किया गया। त्रिदिवसीय मेले के समापन अवसर पर पहुंचे मुख्य अतिथि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार एवं व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मेले में पुलिस विभाग की प्रदर्शनी समेत अन्य विभागों के स्टॉलों, प्रदर्शनी एवं मॉडलों को देखकर विभागों की प्रशंसा की तथा सभी विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी ली।


नुमाईश मैदान में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार एवं राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल समेत अन्य माननीयों और अधिकारियों के साथ नागरिकों द्वारा डिस्प्ले पर कुंभ डॉक्यूमेंट्री फिल्म एवं विभिन्न योजनाओं के प्रसारण को देखा। इसके उपरांत मंत्री अनिल कुमार ने जनपद में विभिन्न योजनाओं के चयनित लाभार्थियों को स्वीकृति व प्रमाण पत्र वितरित किए। मंत्री अनिल कुमार ने इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया। कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि केन्द्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा 2017 से लगातार चहुंमुखी विकास कार्य किए जा रहे हैं। ऐसे में जहां प्रदेश सरकार द्वारा पात्र किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा अन्य कृषि से संबंधित योजनाओं से लगातार लाभान्वित कर रही है, वहीं समाज के हर वर्ग को सम्मान देने के साथ पात्रों को योजनाओं से लाभान्वित करने के प्रयास जारी हैं। कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों द्वारा किए प्रयासों की सराहना करते हुए पात्रों को चयनित करने के लिए और बेहतर प्रयास किए जाने की जरुरत पर जोर दिया।
नुमाईश ग्राउंड में आयोजित इस तीन दिवसीय मेले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से किए प्रयासों के बीच यहां शहर के प्रमुख प्रतिष्ठानों के लगाए फूड स्टॉल पर जाकर लोगों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद चखा। इस दौरान लोगों द्वारा विभागीय स्टालों एवं प्रदर्शनी को देखा गया और उनकी प्रशंसा भी की गई। मेले में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार द्वारा किया गया। इससे पूर्व नुमाईश मैदान में पहली पाली में जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, पूर्व चेयरमैन डॉ. सुभाष शर्मा, पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, पूर्व विधायक अशोक कंसल, बिक्रम सैनी, भाकियू नेता धर्मेन्द्र मलिक, डीएम उमेश मिश्रा, डीआईजी/एसएसपी अभिषेक सिंह के अलावा प्रभात तोमर, भाजपा नेता श्रीमोहन तायल, विशाल गर्ग, राहुल गोयल, सीडीओ संदीप भागिया, एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, एडीएम वित्त गजेंद्र कुमार, उपायुक्त एनएलआरएम प्रमोद यादव, उपनिदेशक कृषि संतोष कुमार, पूर्ति अधिकारी राघवेंद्र सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सहित संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।






