मुजफ्फरनगर। शासन की सख्ती के बाद डीएम उमेश मिश्रा के निर्देश पर कृषि विभाग की तीन टीमों ने जनपद की बुढ़ाना, खतौली और सदर तहसील क्षेत्र में छापमारी का बड़ा अभियान चलाया गया। इस बीच कृषि विभाग की तीनों टीमों ने बुढ़ाना, खतौली और सदर क्षेत्र में संचालित पेस्टीसाइड की 41 दुकानों पर छापेमारी की। वहीं विभागीय टीम ने कीटनाशी के करीब 16 नमूने जब्त करते हुए उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा है। वहीं पेस्टीसाइड की आठ दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
योगी सरकार की पहल पर उत्तर प्रदेश में अन्नदाताओं की आय बढ़ाने के पवित्र उद्देश्य से रबी की फसलों में गुणवत्तायुक्त कीटनाशक उपलब्ध कराने के लिए पेस्टीसाइड के निर्माता, थोक एवं फुटकर विक्रेताओं-प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की है। शुक्रवार को की गई छापेमारी में जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया के द्वारा जहां बुढ़ाना तहसील क्षेत्र में 13 दुकानों पर छापेमारी करते हुए यहां पेस्टीसाइड दवाई के 4 नमूने जब्त किए, वहीं दो दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। कृषि रक्षा अधिकारी यतेन्द्र कुमार के द्वारा जानसठ और खतौली तहसील क्षेत्र में 18 दुकानों पर छापेमारी की। उन्होंने 7 नमूने कीटनाशी के लिए हंै। वहीं पांच दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस दिया गया। वरिष्ठ प्राविधिक सहायक द्वारा सदर तहसील क्षेत्र में इस कड़ी में 10 पेस्टीसाइड दुकानों पर छापेमारी करते हुए पांच नमूने लिए गए। इसके साथ उनके द्वारा एक दुकानदार को कारण बताओ नोटिस दिया गया।
बता दें, बीते दिनों जनपद में भारत सरकार की ओर से कृषि विभाग के अधिकारियों की टीम ने जिले में कई प्रतिष्ठानों पर इस बीच छापेमारी करते हुए बड़ी कार्रवाई किए जाने का दावा भी किया था। उक्त कार्रवाई के नाम पर हुए अंदरूनी खेल की चर्चा जनपद में सुर्खियों में है।







