मुजफ्फरनगर। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शुमार जन सुनवाई पोर्टल पर फरियादियों की समस्या निदान में मुजफ्फरनगर जनपद की सदर तहसील फिर से प्रथम स्थान पाने में कामयाब रही। बुधवार को यूपी सरकार की ओर से जारी दिसम्बर माह की जन सुनवाई में सदर तहसील को 90 अंकों में से शत प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर प्रथम स्थान दिया है। तहसील सदर को तीसरी बार मिले सम्मान से अधिकारी-कर्मचारियों में खुशी की लहर दिखाई दी है।
बुधवार को जारी जन सुनवाई के मामलों में रैंक सूची में जनपद मुजफ्फरनगर में सदर तहसील को मिले इस स्थान पर मिले सम्मान से एसडीएम सदर निकिता शर्मा ने डीएम उमेश मिश्रा के नेतृत्व में सदर तहसील की पूरी टीम को इसका श्रेय देते हुए भविष्य में और बेहतर काम किए जाने की बात की। उन्होंने कहा कि वास्तव में किसी भी योजना के क्रियान्वयन में टीम भावना के बिना कुछ भी कर पाना असंभव है, वहीं कुशल नेतृत्व के अभाव में लक्ष्य की प्राप्ति असंभव ही है। बता दें, जनपद मुजफ्फरनगर की दिसम्बर माह की जन सुनवाई पोर्टल की जारी रिपोर्ट में बुढ़ाना तहसील में 147वीं रैंक, खतौली तहसील में 226वीं रैंक और जानसठ तहसील को 261वीं रैंक हासिल हुई है।






