मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तीन मुख्य द्वारों के निर्माण पर लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद बड़े वाहनों को रोकने के लिए अभी भी नगर पालिका में बैरियर लगाया गया है। इस बैरियर से आगे अब बड़े वाहनों पर नो एंट्री है। नगर पालिका के तीन मुख्य द्वार है। जिनका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप के द्वारा निर्माण कराया गया है। प्रत्येक गेट के निर्माण को करीब 90 लाख रुपये की धनराशि खर्च की गई है। गेट तो काफी सुंदर और आकर्षित बनाए गए हैं, लेकिन इन गेट की सुन्दरता पर बैरियर ने दाग लगा दिया है। पालिका परिसर टाउन हाल मैदान में वाहन पार्किंग बनी हुई है। इस पार्किंग का ठेकेदार बड़े वाहनों को अंदर पालिका परिसर में भेजता है, जिस कारण नगर पालिका प्रशासन ने बैरियर लगाया है। अगर ठेकेदार पर सख्ती की जाए तो उक्त बैरियर की आवश्यकता नहीं है। फिर इसके अलावा पालिका में एक चौकीदार तैनात किया हुआ है। जिस पर पालिका हजारों रुपये प्रतिमाह खर्च कर रही है। नगर पालिका ने दो गेट को बंद कर दिया है। गेट बंद होने के कारण बाहर अस्थाई पार्किंग बन गई है। अब पालिका परिसर में चेयरपर्सन और ईओ के अलावा अन्य कोई चौपहिया वाहन अंदर नहीं जाएगा। इतना ही नहीं सभासदों को भी अपने दोपहिया वाहन बैरियर के नीचे से झुक कर निकालने होंगे। उधर टैक्स, बिजली का बिल जमा करने वाले लोगों को बैरियर लगाने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।






