मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। मेरठ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के मद्देनजर मुजफ्फरनगर जनपद में 23 अक्टूबर 2026 को प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव ने आदेश जारी कर सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
जारी आदेश के अनुसार, मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पत्र के क्रम में विशेष आकस्मिक अवकाश की सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत जिले में संचालित परिषदीय, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और वित्तविहीन मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अवकाश रहेगा। इसके अलावा सीबीएसई, आईसीएसई, संस्कृत बोर्ड और मदरसा बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों को भी आदेश के दायरे में शामिल किया गया है। जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय शैक्षणिक संस्थानों पर भी यह आदेश लागू होगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी विद्यालयों के प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आदेश का पालन सुनिश्चित किया जाए। इस निर्णय के चलते शुक्रवार, 23 अक्टूबर को जिले में कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों की नियमित शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित रहेंगी।

मुजफ्फरनगर में उर्वरक की कालाबाजारी पर निगरानी तेज, 28 स्थानों पर छापेमारी
मुजफ्फरनगर (रिपोर्टर)। जनपद में किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराने और खाद की कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग ने प्रवर्तन कार्रवाई तेज कर दी है। शासन के निर्देशों और जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के आदेशों के अनुपालन में जिला कृषि अधिकारी राहुल सिंह तेवतिया के नेतृत्व में गठित






